जनपद फर्रुखाबाद में जन-समस्याओं को लेकर सियासी पारा गरमा गया है। समाजवादी पार्टी ने जनता और किसानों के मुद्दों को लेकर योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में गुरुवार को पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम कलेक्ट्रेट पहुंचा। भीषण गर्मी के बीच सपा नेताओं ने अघोषित बिजली कटौती, भूमि अधिग्रहण के मुआवजे में धांधली और बढ़ती महंगाई को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
लिंक एक्सप्रेस-वे मुआवजा : ‘किसानों की जमीन का मिले सही दाम, वरना होगा चक्काजाम’
पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए किसानों की जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। सपा ने साफ चेतावनी दी है कि अन्नदाताओं के साथ किसी भी कीमत पर अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन तुरंत दखल देकर किसानों को बाजार दर पर सही और सम्मानजनक मुआवजा देना सुनिश्चित करे, ताकि विकास की आड़ में किसानों को बर्बाद होने से बचाया जा सके।
जनगणना में ओबीसी कॉलम गायब : ‘पिछड़ों के साथ सौतेला व्यवहार बंद करे सरकार’
ज्ञापन में सपा ने देश और प्रदेश में चल रही जनगणना की विसंगतियों पर भी गहरा आक्रोश व्यक्त किया। सपा नेताओं का कहना है कि जनगणना में एससी और एसटी का कॉलम होना स्वागत योग्य है, लेकिन भारी आबादी वाले ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) का कोई विकल्प न होना इस समाज के साथ बड़ा धोखा है। बिना ओबीसी कॉलम के पिछड़ों की वास्तविक स्थिति और उनकी जरूरतों का सही मूल्यांकन कभी नहीं हो पाएगा। सपा ने मांग की है कि डिजिटल ऐप और सॉफ्टवेयर में तुरंत ओबीसी का कॉलम जोड़ा जाए।
अघोषित बिजली कटौती और पानी का संकट: ‘भीषण गर्मी में त्रस्त जनता, प्रशासन कब खोलेगा आंखें?’
सपा ने आरोप लगाया कि आसमान से बरसती आग के बीच पूरा जनपद घंटों-घंटों की अघोषित बिजली कटौती से कराह रहा है। जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है क्योंकि भू-जल स्तर गिरने से हैंडपंपों ने दम तोड़ दिया है। चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की कोई व्यवस्था नहीं है। सपा ने मांग की है कि सभी खराब पड़े हैंडपंपों को युद्धस्तर पर ठीक कराया जाए और प्रमुख बाजारों व चौराहों पर अस्थाई पानी के टैंकर खड़े किए जाएं ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।
महंगाई की मार: ‘डीजल-पेट्रोल के बढ़े दामों ने तोड़ी किसानों की कमर’
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने सरकार को घेरते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। डीजल महंगा होने से किसानों की लागत दोगुनी हो गई है, जबकि उनकी फसलों को मंडियों में औने-पौने दामों पर खरीदा जा रहा है। सरकार तुरंत इन कीमतों पर अंकुश लगाए।
ज्ञापन के दौरान मौजूद रहे
बता दें कि इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के साथ पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव, प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, वरिष्ठ नेता डॉ0 जे.पी. सिंह वर्मा, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र सिंह शाक्य, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य एड0, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष अमृतपुर उदय प्रताप सिंह (भोला यादव), सदर विधानसभा प्रभारी पवन कठेरिया प्रधान, जिला सचिव विनीत परमार, प्रशांत सिंह राठौर, सभासद मुदस्सिर खां, सभासद नौशाद अहमद, प्रमोद कुमार, अशोक कुमार पाल, अचल प्रताप सिंह, सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी समीर यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजीव शाक्य, अनुराग यादव जिलाध्यक्ष लोहिया वाहिनी, जिला महासचिव यूथ ब्रिगेड अर्चित शर्मा, महानगर अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड शिवम पटेल, अभय यादव, अंकुर शाक्य आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।



















