शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल–सिवारा मार्ग स्थित गांव रौकरी के पास राहगीरों को एक अज्ञात युवक सड़क किनारे बेहद गंभीर हालत में पड़ा हुआ मिला। युवक पूरी तरह से बेहोश था और उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। घटनास्थल पर ही एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी बाइक भी पड़ी मिली। युवक के पास से कोई भी पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
मौके पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस, किया गया तुरंत रेस्क्यू
सड़क किनारे घायल युवक को तड़पता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत ‘डायला 112’ पर कॉल करके पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस जब युवक को गाड़ी से अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी किसी राहगीर की सूचना पर 108 एम्बुलेंस भी वहां पहुंच गई। इसके बाद घायल युवक को तुरंत पीआरबी वाहन से एम्बुलेंस में शिफ्ट किया गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा गया।

हालत नाजुक होने पर डॉक्टर जितेंद्र कुमार ने लोहिया अस्पताल किया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में डॉ जितेंद्र बहादुर ने तुरंत घायल युवक का प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, युवक की हालत लगातार चिंताजनक बनी रही। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवक को बेहद गंभीर और बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। शुरुआती इलाज के बाद भी उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए, डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया है।
टायर फटने से अनियंत्रित हुई थी बाइक, शिनाख्त में जुटी कंपिल पुलिस
रेफर किए जाने के बाद कंपिल थाना पुलिस घायल युवक को अपनी निगरानी में लेकर लोहिया अस्पताल रवाना हुई। मामले की जानकारी देते हुए सिवारा चौकी इंचार्ज धीरज सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार बाइक का टायर अचानक फट गया था, जिसके कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस अब बाइक के नंबर के आधार पर युवक के परिजनों का पता लगाने और उसकी शिनाख्त करने की कोशिशों में जुटी हुई है।



















