फर्रुखाबाद नगर पालिका परिषद एक बार फिर विवादों के घेरे में है। मामला पल्ला से बजरिया जाने वाली मुख्य सड़क का है, जहां पलरिया चौराहे से नवाब दिलावर जंग तक की बिल्कुल ठीक और नई सड़क को ठेकेदार ने उखाड़ना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पूरी तरह दुरुस्त थी और केवल कुछ जगहों पर नाली मरम्मत की जरूरत थी। लेकिन नगर पालिका ने पूरे रास्ते का नया टेंडर पास कर दिया। जनता के भारी विरोध के बावजूद जब ठेकेदार ने काम बंद नहीं किया, तो लोगों ने ‘फर्रुखाबाद विकास मंच’ के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा को मौके पर बुला लिया।
भईयन मिश्रा : “नगर पालिका बनी भ्रष्टाचार का अड्डा”
मौके पर पहुंचे भईयन मिश्रा ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूरा शहर बदहाल सड़कों और कीचड़ भरी गलियों से जूझ रहा है, लेकिन अधिकारी और ठेकेदार उन सड़कों को दोबारा बना रहे हैं जो पहले से ही चकाचक हैं। मिश्रा ने आरोप लगाया कि यह सरकारी धन की खुली लूट है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पालिका अध्यक्ष के पति ने 50 साल तक सड़क चलने का दावा किया था, लेकिन उनके कार्यकाल की सड़कें चंद महीनों में ही दोबारा बनने लगती हैं।

घटिया ईंटों का इस्तेमाल और सीमेंटेड सड़क की अनदेखी
भईयन मिश्रा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गलियों में सीमेंटेड सड़कों की सख्त जरूरत है, लेकिन जानबूझकर इंटरलॉकिंग और ईंटों का काम कराया जा रहा है ताकि बार-बार मरम्मत के नाम पर बजट निकाला जा सके। उन्होंने मांग की कि घटिया ईंटों का प्रयोग बंद कर गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए। इस दौरान उनके साथ पूर्व सभासद निशित दुबे उर्फ नीशू, आलोक मिश्रा भूरे, अंगद पांडे, ओम निवास पाठक और सनी बाथम सहित दर्जनों क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचेगी शिकायत
भईयन मिश्रा ने चेतावनी दी है कि नगर पालिका द्वारा सरकारी धन के इस दुरुपयोग की लिखित शिकायत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शासन स्तर पर की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर से मांग की है कि एक विशेष टीम गठित कर नगर पालिका के सभी चालू प्रोजेक्ट्स की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि अच्छी-भली सड़कों को दोबारा बनाने की मंजूरी किसने और क्यों दी।



















