फर्रुखाबाद : बाजार में युवक ने खाया जहर, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम – परिवार में मचा कोहराम

जनपद फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर कस्बे में बाजार करने आए एक 24 साल के नौजवान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक की पहचान गांव भूढ़िया भेड़ा निवासी इंद्रपाल के 24 वर्षीय पुत्र अजीत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजीत पेशे से प्राइवेट पशुओं का डॉक्टर था और लोगों के घरों पर जाकर मवेशियों का इलाज करता था।

अस्पताल के पास ही खा ली सल्फास की गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अजीत किसी काम से राजेपुर कस्बे के बाजार में आया था। अचानक उसने राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के पास ही सल्फास की गोली खा ली। जहर खाते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह सड़क किनारे गिर पड़ा। राहगीरों ने जब उसकी हालत देखी, तो तुरंत उसके पास पहुंचे और आनन-फानन में उसके परिजनों को मामले की सूचना दी।

फर्रुखाबाद ले जाते समय रास्ते में हुई मौत, परिवार में शोक की लहर

सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए अजीत को एक निजी वाहन में बिठाया और बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद शहर की ओर भागे। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था। रास्ते में ही अजीत की हालत ज्यादा खराब हो गई और उसने दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता इंद्रपाल समेत पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। घर में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें