जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शनिवार को पुलिस ने गांव नगला बिलौना निवासी शातिर अपराधी श्यामू पाल को ‘जिला बदर’ कर दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के कड़े आदेश और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के सख्त निर्देश पर की गई है, ताकि इलाके में शांति का माहौल बना रहे।

मुनादी बजाकर अपराधी को जिले की सीमा से बाहर खदेड़ा
कार्रवाई के दौरान कायमगंज कोतवाली पुलिस पूरी तैयारी के साथ आरोपी के गांव पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और एसआई ज्ञान प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स ने श्यामू पाल को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस टीम उसे जनपद की सीमा ब्राह्मिपुर लेकर पहुंची। वहां डुगडुगी बजवाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई गई और जनता को सूचित किया गया कि अब यह अपराधी जिले में नहीं रहेगा।
एटा की सीमा पर छोड़ा, दोबारा दिखने पर होगी जेल
पुलिस ने आरोपी श्यामू पाल को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि वह निर्धारित अवधि तक फर्रुखाबाद की सीमा में कदम न रखे। यदि वह जिले के अंदर पाया जाता है, तो उस पर और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक मुनादी के बाद पुलिस ने उसे एटा जनपद की अलीगंज सीमा की ओर रवाना कर दिया। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य अपराधियों में भी हड़कंप मच गया है।
दरोगा के वायरल ऑडियो कांड से जुड़ी थी श्यामू की भूमिका
पुलिस के मुताबिक, श्यामू पाल एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। चर्चा है कि कुछ समय पहले कायमगंज क्षेत्र के एक दरोगा का शराब मांगते हुए जो ऑडियो वायरल हुआ था, उसमें भी श्यामू पाल की संदिग्ध भूमिका सामने आई थी। उस घटना के बाद से ही वह पुलिस की रडार पर था। समाज में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अब उसे जिले से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।


















