सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज क्षेत्र के मोहनपुर दिनारपुर (कटहल नगला) निवासी प्रदीप राजपूत की ढाई वर्षीय पुत्री अनाया घर की छत पर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। दोपहर करीब एक बजे खेलते-खेलते मासूम अनाया छत की रेलिंग पर चढ़ने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे सड़क पर जा गिरी।
बहन की चीख पुकार और अस्पताल की दौड़
अनाया के गिरते ही उसकी 5 वर्षीय बड़ी बहन पूर्वी जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ मासूम को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत नाजुक होने के कारण उसे लोहिया अस्पताल और फिर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान दोपहर करीब तीन बजे अनाया ने दम तोड़ दिया।
मां का रो-रोकर बुरा हाल, इलाके में शोक
मासूम की मौत की खबर मिलते ही मां प्रीति और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। हालांकि, इस मामले में प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार का कहना है कि उन्हें अभी तक घटना के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।



















