फर्रुखाबाद : थानाध्यक्ष और 3 दारोगाओं ने थाने में युवक को पीटा, पैसे भी लूटे – कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट

जनपद फर्रुखाबाद से खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मऊदरवाजा थाने में बयान दर्ज कराने पहुंचे एक युवक ने थानाध्यक्ष (SHO) और तीन दारोगाओं समेत पांच लोगों पर मारपीट और लूटपाट का संगीन आरोप लगाया है। मोहम्मदाबाद के हैदरपुर निवासी पीड़ित मोहित सिंह ने विशेष न्यायाधीश (दस्यु प्रभावित क्षेत्र) शैलेंद्र सचान की अदालत में न्याय की गुहार लगाई है, जिस पर कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस से रिपोर्ट तलब की है।

दवाई के पैसे भी नहीं छोड़े, प्राइवेट पार्ट पर किया वार

पीड़ित मोहित सिंह का आरोप है कि वह 28 अप्रैल को एक पुराने मामले में बयान दर्ज कराने थाने गया था। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे देखते ही गंदी गालियां दीं और जबरन अंदर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। युवक का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी जेब में रखे 3,250 रूपया भी छीन लिए, जो उसने अपनी बीमार मां की दवा के लिए रखे थे। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके नाजुक अंगों पर भी वार किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल ने भी नहीं किया इलाज, अब कोर्ट करेगा फैसला

घटना के बाद बुरी तरह डरा हुआ पीड़ित जब मेडिकल परीक्षण कराने अस्पताल पहुंचा, तो वहां भी पुलिस का मामला बताकर उसे टरका दिया गया। इसके बाद उसने कोर्ट में परिवाद दाखिल किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने इसे प्रकीर्ण वाद के रूप में दर्ज करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि लोक सेवकों पर कार्रवाई से पहले उनका पक्ष जानना जरूरी है, इसलिए थानाध्यक्ष और एसपी से रिपोर्ट मांगी गई है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 14 मई को होगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें