सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित सी. पी. विद्या निकेतन (CPVN) में जोनल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। इस स्पोर्ट्स इवेंट में अलग-अलग जनपदों के स्कूलों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बैडमिंटन कोर्ट पर खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां उनकी फुर्ती और बेहतरीन शॉट्स ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना था।

इन स्कूलों ने दिखाया अपना दम
प्रतियोगिता में मुख्य रूप से तीन बड़े स्कूलों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें मेजबान सी. पी. विद्या निकेतन कायमगंज, जी. पी. एम कॉलेज बरेली और जी. एम. पी. एस. पीलीभीत के प्रतिभावान छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और स्कूल प्रबंधन द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। खेल शिक्षक सऊद हसन खान, आदित्य राठौर और पल्लवी मिश्रा ने पूरे मैच के दौरान रेफरी और कोच की भूमिका बखूबी निभाई।

CPVN कायमगंज का रहा दबदबा, बरेली ने भी मारी बाजी
मैच के अंत में जब नतीजों की घोषणा हुई, तो सी. पी. विद्या निकेतन का दबदबा साफ नजर आया। मेजबान स्कूल ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बॉयज कैटेगरी के साथ-साथ अंडर-17 गर्ल्स कैटेगरी में भी जीत हासिल की। वहीं, बरेली के जी. पी. एम. कॉलेज ने अंडर-19 गर्ल्स कैटेगरी में शानदार जीत दर्ज कर अपनी टीम का नाम रोशन किया। सभी विजेता खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
खेलों से होता है सर्वांगीण विकास : प्रधानाचार्य
स्कूल के प्रधानाचार्य आर. के. बाजपेयी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ खेलकूद भी छात्र के जीवन का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना पैदा होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।



















