रविवार को राजधानी लखनऊ के मैरियाड होटल में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन की एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेश भर के दिग्गज पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष जुटे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री नरेश अग्रवाल ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को समझना और संगठन को भविष्य के लिए और अधिक मजबूत बनाना था।

व्यापारियों का उत्पीड़न अब बर्दाश्त नहीं : नितिन अग्रवाल
बैठक को संबोधित करते हुए आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश में किसी भी स्तर पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में यह संगठन व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा। वहीं, नरेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में व्यापारियों से अपील की कि वे एकजुट होकर जनहित और व्यापारिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

फर्रुखाबाद और कायमगंज की टीम ने रखा अपनी बात का दम
इस बैठक में फर्रुखाबाद जनपद का प्रतिनिधित्व जिला अध्यक्ष सुबोध गुप्ता (मंसाराम) ने किया। उनके साथ कायमगंज नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह उर्फ पिंटू यादव, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, शैलेंद्र गुप्ता व निशांत गुप्ता समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। सभा के बाद टीम ने नरेश अग्रवाल और नितिन अग्रवाल के आवास पर जाकर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने व्यापारिक मुद्दों पर गहन चर्चा की और अपनी विचारधारा साझा की।

जल्द फर्रुखाबाद-कायमगंज आएंगे दिग्गज नेता
फर्रुखाबाद के पदाधिकारियों ने दिग्गज नेताओं को जनपद और नगर आगमन का औपचारिक प्रस्ताव दिया। इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए नरेश अग्रवाल ने निर्देश दिया कि सभी मंडलों की बैठकें पूरी होने के बाद वे जल्द ही फर्रुखाबाद और कायमगंज का दौरा करेंगे। इस खबर से स्थानीय व्यापारियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है।



















