जनपद फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कलयुगी बेटे ने मामूली जमीन विवाद के चलते अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी बेटे ओमकार को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव अर्पाहाड़पुर निवासी रामसनेही अपने दो बेटों के साथ रह रहे थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। आरोप है कि करीब तीन साल पहले रामसनेही ने अपनी चार बीघा जमीन अपने दो भतीजों के नाम कर दी थी। इसी बात से बेटा ओमकार नाराज था और पिता से रंजिश रखने लगा था।
भारी वस्तु से हमला कर उतारा मौत के घाट
पिता की जमीन भतीजों के नाम करने से नाराज बेटे ओमकार ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रामसनेही की हत्या की साजिश रची और उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली, टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सिर पर किसी भारी और वजनदार वस्तु से प्रहार कर हत्या की गई थी। भतीजे देवेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने ओमकार और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।



















