सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली नेशनल हाईवे 730C पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बता दें कि जमापुर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार डीसीएम और टेंपो (ऑटो) की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक मासूम समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पंचायत करने जा रहे थे परिवार के लोग, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा
हादसे का शिकार हुए लोग कमलागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव हब्बापुर के रहने वाले थे। हादसे में घायल रामकरन ने बताया कि वे अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ शाहजहांपुर के अल्लाहपुर में एक पारिवारिक विवाद (पंचायत) को सुलझाने जा रहे थे। उनकी साली की ससुराल में विवाद चल रहा था, जिसे खत्म कराने के लिए पूरा परिवार टेंपो में सवार होकर निकला था। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

प्रशासनिक अमला अलर्ट, घायलों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक (SP) आरती सिंह समेत पूरा प्रशासनिक अमला जिला अस्पताल लोहिया पहुंच गया। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और परिजनों को ढांढस बंधाया। डीएम ने स्पष्ट कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। घायलों की संख्या को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है।

3 की मौत, 5 की हालत नाजुक – सैफई रेफर
लोहिया अस्पताल के डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि हादसे में 13 लोग अस्पताल लाए गए थे, जिनमें से 3 को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में तनु (30), सत्येंद्र (30) और 16 माह का मासूम युवराज शामिल है। घायलों में से पुष्पा, अंशु, नन्हीं, राज और बिट्टा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। फिलहाल, डीसीएम और टेंपो चालक पुलिस की हिरासत में हैं।



















