गुरुवार की रात किसी पहर जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव उलियापुर में तंबाकू गोदाम की छत पर सो रहे मजदूर की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जनपद कानपुर के मकनपुर थाना क्षेत्र के अरौल निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद नवाब के रूप में हुई।

लघुशंका के लिए उठते ही बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात मोहम्मद नवाब लघुशंका के लिए उठा था। अंधेरा अधिक होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे खड़े हैरो (कृषि यंत्र) पर जा गिरा। गिरने से उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सुबह साथी मजदूरों ने उसे बिस्तर पर नहीं पाया, तो नीचे जाकर देखा जहां उसका शव पड़ा मिला।

पुलिस ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक राम नरेश माथुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा मात्र अंधेरे की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल इसे ऊंचाई से गिरकर हुई आकस्मिक दुर्घटना माना जा रहा है।



















