गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद की कंपिल सीएचसी परिसर में लंबे समय से कबाड़ में खड़ी दो एम्बुलेंस में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि आसपास के इलाके में धुएं का गुब्बार छा गया। एम्बुलेंस को आग की लपटों में घिरा देख अस्पताल परिसर में मौजूद मरीज, उनके तीमारदार और कर्मचारी दहशत में आ गए और जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
आग की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल के कर्मचारियों ने फायर सिलेंडर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के सामने वे नाकाम रहे। इसके बाद पहुंची पुलिस ने समरसेबल के पानी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब 20 मिनट के संघर्ष के बाद कायमगंज मंडी समिति से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया।

क्या है आग लगने की मुख्य वजह?
सीएचसी के डॉक्टर सुनील ने घटना पर जानकारी देते हुए बताया कि एम्बुलेंस लंबे समय से खड़ी होने के कारण कबाड़ में तब्दील हो चुकी थीं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को इसका बड़ा कारण माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि तकनीकी खराबी या अन्य किसी साजिश की संभावना को नकारा न जा सके।



















