जनपद फर्रुखाबाद में इन दिनों प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर व्यापारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार को कायमगंज के रूटौल स्थित विद्युत उपकेंद्र पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। व्यापारियों ने साफ कहा कि प्रीपेड मीटर के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते उन्हें आज सड़कों पर उतरना पड़ा।

9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन : बिजली विभाग को दी चेतावनी
धरने के दौरान व्यापारियों ने अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर उप खंड अधिकारी विनोद कनौजिया को एक मांग पत्र सौंपा। यह ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नाम संबोधित है। व्यापारियों ने सरकार से मांग की है कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार किया जाए और व्यापारियों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही प्रीपेड मीटर की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो व्यापार मंडल उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

अधिकारी से मिले व्यापारी : समस्याओं के समाधान की मांग
इस धरना-प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनोज कौशल और नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि व्यापारी सरकार का पूरा सहयोग करता है, लेकिन बिजली विभाग की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन में शामिल अन्य प्रमुख लोगों में अमित सेठ, अतुल गुप्ता, विशाल गुप्ता, रश्मि दुबे और लक्ष्मी राजपूत समेत कई अन्य पदाधिकारी और सब्जी मंडी एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।



















