फर्रुखाबाद : कायमगंज में तंबाकू गोदाम में युवक की बेरहमी से हत्या, भैंस चोरी के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़

फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ जौरा रोड स्थित एक तंबाकू गोदाम में भैंस चोरी के शक को लेकर हुए विवाद में बांकेलाल (39) नाम के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि बांकेलाल की भैंस तीन दिन पहले चोरी हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जब वह अपने भाई राजकुमार के साथ पूछताछ करने गोदाम पहुंचा, तो वहां मौजूद लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में बांकेलाल की जान चली गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

कायमगंज
मृतक बांके का फाइल फोटो

पुलिस की लापरवाही पर भड़का जनता का आक्रोश

घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों और महिलाओं ने कायमगंज पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि भैंस चोरी की शिकायत पहले ही मंडी चौकी पुलिस से की गई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस सीसीटीवी फुटेज मिलने के तुरंत बाद एक्शन लेती, तो आज बांकेलाल जिंदा होता। हंगामे को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए कई थानों की फोर्स मौके पर बुलाई।

कायमगंज
अस्पताल में घायल राजकुमार

गोदाम बना जंग का मैदान, 13 लोगों पर मुकदमा दर्ज

हमले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने कुछ आरोपियों को एक कमरे में बंद कर सुरक्षा दी, जिससे आक्रोशित महिलाएं और ग्रामीण और ज्यादा भड़क गए। वे आरोपियों को तुरंत उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे। मृतक के भाई विपिन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने गोदाम मालिक संजय अग्रवाल सहित 13 लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अब तक एक महिला समेत तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश जारी है।

कायमगंज
कायमगंज

दो पत्नियों और बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक बांकेलाल की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार बांकेलाल की दो पत्नियां थीं और दोनों ही एक साथ एक ही घर में रहती थीं। पहली पत्नी रमा देवी के चार बच्चे हैं और दूसरी पत्नी पूजा देवी के तीन बच्चे हैं। बांकेलाल की मौत के बाद इन सात बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस बेरहमी की निंदा कर रहा है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, जांच जारी

सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें