फर्रुखाबाद : कायमगंज में मोटरसाइकिल के लिए पत्नी की हत्या का आरोप, ससुराल वालों ने रची बंदरों के हमले की खौफनाक कहानी – रिपोर्ट दर्ज

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने पर एक निर्दयी पति पर अपनी ही पत्नी की जान लेने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से तफ्तीश शुरू कर दी है।

22 महीने पहले हुई थी शोभा की शादी

जनपद शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले रामसरन ने अपनी बेटी शोभा देवी का विवाह करीब 22 महीने पहले कायमगंज के गांव अमिलैया मुकेरी निवासी शिवेंद्र उर्फ पिंटू के साथ बड़े अरमानों से किया था। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही पति शिवेंद्र ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया और दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर शोभा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।

30 मार्च की वो खौफनाक रात

परिजनों का आरोप है कि 30 मार्च को जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई, तो गुस्साए पति शिवेंद्र ने शोभा की निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद ससुराल वालों ने कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी तैयार की। उन्होंने दावा किया कि शोभा छत पर कपड़े सुखा रही थी, तभी बंदरों ने हमला कर दिया। भागते समय वह सीढ़ियों से गिर गई और उसकी मौत हो गई।

पुलिस की गिरफ्त में मामला, जांच तेज

शोभा के मायके पक्ष ने ससुराल वालों के इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे सोची-समझी हत्या करार दिया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण

फर्रुखाबाद : संदिग्ध हालत में गर्भवती महिला की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप – पुलिस जांच में जुटी

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें