फर्रुखाबाद : पारिवारिक कलह से आहत युवक ने दी जान, सुसाइड से पहले पत्नी को किया था कॉल – परिजनों में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के दौलतियापुर गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां राहुल कश्यप (30) नामक युवक ने घरेलू विवाद के चलते फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था, जब उसकी बहन अंशावनी घर लौटी तो उसने भाई को पंखे के कुंडे से दुपट्टे के फंदे पर लटका हुआ देखा। यह मंजर देखकर उसके होश उड़ गए।

क्या थी आत्महत्या की असल वजह?

स्थानीय लोगों के अनुसार, राहुल शराब का आदी था, जिसके चलते परिवार में अक्सर अनबन रहती थी। बुधवार को उसकी पत्नी सोनी अपनी दादी के निधन के बाद मायके गई हुई थी। घर के अन्य सदस्य बाहर थे। राहुल ने दोपहर में पत्नी को फोन कर घर आने के लिए कहा था, लेकिन शाम तक उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने बताया कि शराब की लत को लेकर परिजनों द्वारा टोके जाने से राहुल काफी आहत था, जो संभवतः उसकी मौत की मुख्य वजह बनी।

मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

राहुल की मौत के बाद उसकी पत्नी सोनी, मां सीमा और उसके दो मासूम बच्चों (पुत्र अनुराग और पुत्री काव्या) का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा है। थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें