शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर फर्रूखाबाद में परिवहन विभाग ने डग्गामार बसों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने रोडवेज अधिकारियों के साथ मिलकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

दिल्ली से आने वाली बसें निशाने पर
अभियान के दौरान दिल्ली से फर्रूखाबाद आ रही बसों की गहन जांच की गई। जांच में एक बस बिना वैध परमिट के चलती पाई गई, जिस पर 70 हजार रुपए का भारी जुर्माना लगाया गया। वहीं दो अन्य बसों में दस्तावेजी कमियां मिलने पर 64 हजार रुपए का अतिरिक्त चालान किया गया।

स्कूल बसों पर भी कसा शिकंजा
नवाबगंज क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 2 स्कूल बसों पर भी कार्रवाई की गई। इनमें से एक बस बिना फिटनेस और दोनों बसें बिना परमिट संचालित पाई गईं। इन पर कुल 35 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिससे स्कूल बस संचालकों में हड़कंप मच गया।

बसें सीज, रोडवेज बस स्टेशन पर निरुद्ध
कार्रवाई के बाद सभी दोषी बसों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के फर्रूखाबाद बस स्टेशन पर चालान कर निरुद्ध कर दिया गया। परिवहन विभाग की इस एक दिवसीय कार्रवाई में कुल 1.69 लाख रूपये का जुर्माना वसूला गया।

होली तक जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि होली पर्व को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बिना परमिट और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों पर सख्त कार्रवाई होगी।


















