जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र की पखना चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर चोरों ने बीती रात दो दुकानों में धावा बोल दिया। चौकी से इतनी नजदीक पर हुई चोरी ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी में चोर साफ दिखाई दे रहे हैं, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

ज्वैलर्स की दुकान से 6 लाख के आभूषण गायब
पहली वारदात गोविंद ज्वैलर्स की दुकान में हुई, जो चौकी से करीब 80 मीटर की दूरी पर स्थित है। चोरों ने गटर की मदद से दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसपैठ की और तिजोरी उठा ले गए। तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 70,000 रुपए नकद और 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। दुकान मालिक संजय सोनी निवासी बेवर ने बताया कि उन्होंने रात 7 बजे दुकान बंद की थी, सुबह पड़ोसी दुकानदारों से चोरी की जानकारी मिली।

50 मीटर की दूरी पर मेडिकल स्टोर भी लूटा
दूसरी वारदात विकास मेडिकल स्टोर में घटी, जो चौकी से मात्र 50 मीटर की दूरी पर है। चोर दुकान के पीछे से छत पर चढ़े, फिर नलकी लगाकर अंदर घुसे और 1.80 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए।

व्यापारी बोले – पुलिस चौकी पास है, फिर भी बेखबर क्यों?
स्थानीय व्यापारियों में गुस्सा है। उनका कहना है कि जब चौकी के पास ही दो दुकानों में चोरी हो सकती है और पुलिस को भनक नहीं लगती, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करे? व्यापारी संगठन ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह, सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, एसओजी टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. सिंह ने बताया कि “घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा, टीमें गठित कर दी गई हैं।”


















