ओजनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 6 में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा अचानक लापता हो गई। सुबह करीब 5 बजे जब वार्डन ममता रानी ने सभी बच्चियों को जगाया, तो छात्रा अपने बिस्तर पर नहीं मिली। तुरंत सभी छात्राओं से पूछताछ की गई और पूरे कैंपस में तलाश शुरू हुई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।
गार्ड की मौजूदगी के बावजूद बच्ची बाहर कैसे निकली?
विद्यालय प्रशासन के लिए यह मामला बड़ा सवाल बन गया कि मुख्य गेट पर गार्ड की ड्यूटी के बावजूद बच्ची कैसे बाहर निकल गई। सुरक्षा व्यवस्था की यह बड़ी चूक अब चर्चा का विषय बन गई है। छात्राओं के परिजनों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
घर पहुंची छात्रा, वार्डन को दी गई सूचना
करीब सुबह 8 बजे परिजनों ने विद्यालय प्रशासन को सूचना दी कि बच्ची सुरक्षित घर पहुंच गई है। परिजनों ने बताया कि बच्ची सुबह-सुबह किसी तरह विद्यालय से निकलकर घर चली आई थी। वार्डन ममता रानी ने भी इसकी पुष्टि की और राहत की सांस ली।
बीएसए ने बताया – लापरवाही साफ, होगी कार्रवाई
बीएसए अनुपम अवस्थी ने घटना को गंभीर मानते हुए कहा कि वार्डन और गार्ड की स्पष्ट लापरवाही सामने आई है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। वहीं राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने कहा कि पुलिस को इस घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।
सवालों के घेरे में स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था
कस्तूरबा गांधी विद्यालय की यह घटना एक बार फिर बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। यदि गेट पर सुरक्षा गार्ड मौजूद थे, तो एक 11 साल की बच्ची इतनी आसानी से बाहर कैसे निकल गई? यह लापरवाही प्रशासनिक जांच की मांग कर रही है।


















