Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति और अन्य नुकसान झेलने वाले किसानों तथा परिवारों के लिए राहत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की उपस्थिति में आपदा प्रभावित 55 पीड़ितों को कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि वितरित की गई। तहसील सदर के 9, तहसील अमृतपुर के 32 और तहसील कायमगंज के 14 पीड़ितों को सहायता राशि प्रदान की गई।

मत्स्य व उद्यान विभाग की योजनाओं से संवरेगी आजीविका
कार्यक्रम के दौरान कृषि अनुदान के साथ-साथ मत्स्य एवं उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ भी पीड़ितों को दिया गया। मत्स्य विभाग की ओर से 5 लाभार्थियों को एरियेशन सिस्टम और बोट वितरित की गई, ताकि वे अपनी आजीविका को बेहतर बना सकें। वहीं, उद्यान विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को सब्जियों के बीज निःशुल्क प्रदान किए गए। इसके अलावा, आपदा में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को 4 लाख रुपये का भुगतान सहायता राशि के रूप में किया गया।

करोड़ों की आर्थिक मदद से किसानों को मिल रही बड़ी राहत
जिलाधिकारी ने पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि जनपद में बाढ़ के प्रभाव से लगभग 22,627 किसान प्रभावित हुए हैं। इसमें अमृतपुर के 14,708, फर्रुखाबाद के 902 और कायमगंज के 7,015 किसान शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा कुल 11.50 करोड़ रुपये की राहत राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से अब तक 11,399 किसानों को 5 करोड़ 50 लाख रुपये का भुगतान डीबीटी (DBT) के माध्यम से किया जा चुका है। साथ ही, अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों के 405 प्रकरणों में 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।


























