फर्रुखाबाद : कायमगंज में तंबाकू की 3 गोदामों पर जीएसटी का छापा, स्टॉक में मिली भारी गड़बड़ी – 2875 क्विंटल माल जप्त

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र में वाणिज्य कर विभाग (जीएसटी एसआईबी) की विशेष जांच शाखा इटावा की टीम ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कायमगंज स्थित तीन प्रमुख तंबाकू कारोबारियों के गोदामों पर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान टीम ने कुल 2875.6 क्विंटल तंबाकू को सीज कर जप्त कर लिया है। इस अचानक हुई जांच से क्षेत्रीय व्यापारियों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।

विभिन्न गोदामों पर एक साथ पड़ा छापा

अपर आयुक्त सुरेंद्र मोहन सिंह एवं ज्वाइंट कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा के दिशा-निर्देशन में यह पूरी कार्रवाई संपन्न हुई। जांच दल में डीसी शैलेंद्र सिंह, सचल दल प्रभारी महेश पाठक, एसटीओ जमीर हसन और सुशील कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट स्थित सार्थक एंटरप्राइजेज, लालबाग स्थित मोहम्मद बिलाल खान के गोदाम और नोनियमगंज स्थित ओम टुबैको कंपनी के गोदामों में रखे माल और स्टॉक रजिस्टर का गहनता से मिलान किया।

 

स्टॉक मिलान में उजागर हुई अनियमितताएं

स्टॉक रजिस्टर से भौतिक मिलान के दौरान बड़ी अनियमितताएं सामने आईं। सार्थक एंटरप्राइजेज के गोदाम से 2090.6 क्विंटल तथा मोहम्मद बिलाल खान के गोदाम से 340 क्विंटल तंबाकू जप्त की गई। वहीं ओम टुबैको कंपनी के गोदाम में घोषित स्टॉक की तुलना में 445 क्विंटल तंबाकू अधिक पाई गई, जिसे मौके पर ही सीज कर दिया गया।

नियमानुसार होगी आगे की कानूनी प्रक्रिया

जीएसटी विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी संबंधित फर्मों के स्वामियों को अपना पक्ष रखने और विभागीय सुनवाई का पूरा अवसर दिया गया है। व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों और जवाब की समीक्षा करने के पश्चात कर अपवंचन (Tax Evasion) के संबंध में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें