शनिवार को जनपद फर्रूखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के अवंती बाई नगर में 19 वर्षीय युवती शेफाली ने अपने ही घर में आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बता दें कि सुबह बेचने वाले दूध में मक्खी गिर जाने पर पिता श्रीराम ने अपनी सबसे बड़ी बेटी शेफाली को डांट दिया था। पिता की इसी डांट से क्षुब्ध होकर युवती ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के समय घर पर उसकी छोटी बहन सुनाली (सोना) मौजूद थी, जबकि मां सरिता लोगों के घरों में काम करने गई थीं और पिता दूध देने डेयरी गए थे।

शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, डॉक्टर ने युवती को घोषित किया मृत
कमरे में जब छोटी बहन सुनाली पहुंची तो उसने बहन को अचेत अवस्था में देखा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और रिश्तेदार तुरंत मौके पर पहुंचे। मौसा राधेश्याम और पड़ोस में रहने वाले बबलू पठान ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए युवती को नीचे उतारा और पास के क्लिनिक से डॉक्टर को बुलाया। हालांकि, डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बेटी के खोने के गम और व्यथा में पिता ने खुद को भी चोटिल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनका प्राथमिक चिकित्सीय परीक्षण कराया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वहीं, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए और उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी शेफाली की असमय मौत से मां सरिता, बहन सुनाली और भाइयों आदित्य व अभिनाश का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का बयान और विधिक प्रक्रिया जारी
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक डांट-फटकार के कारण यह कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी और कानून के मुताबिक आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















