फर्रुखाबाद : फतेहगढ़ जेल में सपा विधायक रमाकांत यादव से मिले पूर्व मंत्री, बोले- ‘तानाशाह सरकार कर रही उत्पीड़न’

मंगलवार को जनपद फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद आजमगढ़ की फूलपुर पवई सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक रमाकांत यादव से मिलने पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पहुंचे। सपा के राष्ट्रीय सचिव और अखिलेश सरकार में मंत्री रहे विश्वकर्मा ने जेल में विधायक का हाल-चाल जाना। मुलाकात के बाद बाहर आते ही उन्होंने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों का खुलकर उत्पीड़न कर रही है।

‘सांसद-विधायक तो दूर, आम कैदियों वाले अधिकार भी छीने’

मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि रमाकांत यादव हमेशा से गरीबों, वंचितों और मजलूमों की आवाज रहे हैं। अगर वे गलत होते तो जनता उन्हें 4 बार सांसद और 5 बार विधायक न बनाती। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन उन्हें पूर्व सांसद और विधायक के रूप में मिलने वाली बेसिक सुविधाएं तो दूर, एक सामान्य कैदी के अधिकार भी नहीं दे रहा है। जेल में उनके इलाज और स्वास्थ्य का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है।

‘जनता आने वाले समय में अहंकार का जवाब देगी’

पूर्व मंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार झूठे और गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज करवाकर विपक्षी नेताओं को जेल भेज रही है। लेकिन लोकतंत्र में यह दमन ज्यादा दिन नहीं चलता। आने वाले समय में जनता इस उत्पीड़न का करारा जवाब देगी और अहंकारी सत्ता को उखाड़ फेंकेगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला सचिव हरिओम यादव, यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव अर्चित शर्मा, यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें