जनपद फर्रुखाबाद की पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाते हुए आम जनता के खोए हुए कीमती मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस की सर्विलांस टीम ने दिन-रात एक करके कुल 125 स्मार्टफोन को ट्रैक किया और उन्हें सही-सलामत ढूंढ निकाला। बरामद किए गए इन सभी मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपए बताई जा रही है। अपने खोए हुए फोन को दोबारा पाकर पीड़ितों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा।
एसपी आरती सिंह ने खुद अपने हाथों से सौंपे मोबाइल
इस बड़ी कामयाबी को लेकर सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने खुद मौजूद रहकर पीड़ितों को व्यक्तिगत रूप से उनके फोन वापस सौंपे। एसपी आरती सिंह ने बताया कि ये वे मोबाइल फोन थे जिनकी गुमशुदगी की शिकायतें जिले के अलग-अलग लोगों द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई गई थीं। उन्होंने सर्विलांस टीम की तारीफ करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि जनता का खोया हुआ सामान समय रहते उन्हें वापस मिल सके।

6 महीने से लेकर साल भर पहले खोए थे फोन
मोबाइल वापस पाने वाले कई पीड़ितों ने बताया कि उनके फोन 6 महीने से लेकर 1 साल पहले तक खो चुके थे और वे इन्हें पाने की उम्मीद पूरी तरह छोड़ चुके थे। लेकिन फर्रुखाबाद पुलिस की मुस्तैदी ने उनका खोया हुआ भरोसा और फोन दोनों वापस लौटा दिया। पुलिस की इस गुड वर्क की हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है और लोग पुलिस प्रशासन का आभार जता रहे हैं।



















