फर्रुखाबाद : पांडवेश्वर नाथ मंदिर में गरजे शंकराचार्य, ‘हमारे ही धन से बने गोआश्रय स्थलों पर हमारे ही प्रवेश पर प्रतिबंध क्यों?’

गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा लेकर ऐतिहासिक धरती फर्रुखाबाद पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने हुंकार भरते हुए कहा कि अब गोमाता को पशु की श्रेणी में बिल्कुल नहीं रहने दिया जाएगा। गोमाता को ‘राष्ट्रमाता’ और ‘राज्यमाता’ घोषित करना ही होगा। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि जो लोग गोवंश पर अत्याचार कर रहे हैं या उनके खून से अपने हाथ सान रहे हैं, उन्हें सनातन संत समाज कभी आशीर्वाद नहीं देगा। तड़पती हुई गायों के अंगों को कुत्तों द्वारा नोंचे जाने वाले दृश्य हर सच्चे सनातनी को विचलित करने वाले हैं, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

सरकारी व्यवस्था पर तीखा प्रहार: ‘हमारे पैसे से बने गोआश्रम, फिर हम पर ही पहरा क्यों?’

​शंकराचार्य ने जनता के सहयोग और टैक्स से संचालित होने वाले गोआश्रय स्थलों की बदहाली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गोआश्रय स्थल हम सबके धन से चल रहे हैं, तो वहां आम सनातनी के घुसने पर प्रतिबंध क्यों लगाया जा रहा है? आखिर वहां ऐसा क्या छिपाया जा रहा है? उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की तारीफ करते हुए यूपी सरकार पर कटाक्ष किया कि अगर महाराष्ट्र सरकार गाय को राज्यमाता घोषित कर सकती है, तो खुद को श्रेष्ठ सनातनी और गोभक्त कहने वाले उत्तर प्रदेश के नीति-नियंता इस पर मौन क्यों हैं?

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

‘असली बनाम नकली सनातनी’ की परीक्षा: जो अत्याचार करेगा, उसे माफी नहीं

​पांडवेश्वर नाथ मंदिर में भारी जनसैलाब को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि समाज में अब असली और नकली सनातनी की पहचान का समय आ गया है। गोमाता की रक्षा करना हर सच्चे सनातनी का परम कर्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम राजनीति नहीं कर रहे हैं, बल्कि सनातन धर्म की आत्मा ‘गोमाता’ को उनका गौरवपूर्ण अधिकार दिलाने के लिए जन-जागरण कर रहे हैं। उन्होंने एलान किया कि जो चुनाव से पहले गाय को राष्ट्रमाता बनाने का शपथ पत्र देगा, देश का हर सच्चा गोभक्त केवल उसी के पक्ष में मतदान करेगा।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

भव्य स्वागत और सनातनी एकजुटता से गूंज उठा फर्रुखाबाद

​इससे पहले दोपहर में जब शंकराचार्य का काफिला जहानगंज क्षेत्र में काली नदी के पुल से होकर गुजरा, तो सेंट्रल जेल चौराहा, फतेहगढ़ चौराहा, लालगेट, घुमना और चौक होते हुए पांडवेश्वरनाथ शिवालय तक समूचा मार्ग फूलों की वर्षा से सराबोर हो गया। कई स्थानों पर भव्य आरती उतारी गई। इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह में हिंदू समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी, दीपक द्विवेदी, राजेश मिश्रा, विधान द्विवेदी, डॉ. सर्वेश शुक्ला सहित हजारों प्रमुख सनातनियों और जनसामान्य ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इस गो-आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें