बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने सोशल मीडिया के जरिए एक मासूम किशोरी को अपने जाल में फंसाकर हजारों रुपए की ठगी की। आरोपी युवक ने पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती की और फिर झांसे में लेकर मोटी रकम ऐंठ ली।
पैसे दोबारा मांगने पहुंचे जालसाज, परिवार पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब आरोपी युवक अपने एक साथी के साथ दोबारा पैसे वसूलने पहुंचा, तो परिजनों को उस पर शक हो गया। पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि वह फर्जी आईडी बनाकर कई लड़कियों को अपना शिकार बनाता है। उसने यह भी माना कि इस गिरोह के तार मुंबई से जुड़े हुए हैं। जब परिवार ने इस ठगी का विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिजनों के साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई : मुंबई तक जुड़े ठगी के तार
पीड़ित परिवार ने कोतवाली पुलिस से इस पूरे मामले की शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।



















