जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर के मोहल्ला सधवाड़ा नई बस्ती के रहने वाले किराना व्यापारी ललित वर्मा के साथ ठगी का एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। बीती 5 मई की दोपहर करीब 2 बजे, ललित के बैंक खाते में अचानक अलग-अलग नामों से पैसे आने शुरू हुए। भरत कुमार, दुर्गेश सिंह राजपूत, एस उमराव और अमर जैसे नामों से कुल हजारों रुपए उनके खाते में ट्रांसफर किए गए। व्यापारी अभी यह समझ ही पाते कि यह पैसा कहां से आ रहा है, तभी उनके मोबाइल के साथ छेड़छाड़ शुरू हो गई।
मोबाइल हैक कर साफ कर दिया पूरा बैंक बैलेंस
पैसे आने के कुछ ही देर बाद ललित का मोबाइल अपने आप ‘अपडेट’ होने लगा। जब तक वो कुछ कर पाते, साइबर ठगों ने उनका फोन हैक कर लिया था। ठगों ने न केवल बाहर से आए 98 हजार रुपए निकाले, बल्कि ललित के खाते में पहले से जमा 29,201 पर भी हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़ित ने किसी के साथ भी अपना ओटीपी (OTP) या बैंक डिटेल साझा नहीं की थी। अब जिन खातों से पैसे आए थे, वे लोग भी ललित पर पैसे वापस करने का दबाव बना रहे हैं।
पुलिस और बैंक खंगाल रहे हैं ट्रांजेक्शन की डिटेल
इस मामले की शिकायत लेकर पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अब बैंक से उन खातों की डिटेल निकलवा रही है जिनसे पैसे आए थे और जहां पैसे ट्रांसफर किए गए। पुलिस ने सभी को सलाह दी है कि अगर आपके खाते में अचानक अनजान पैसा आए, तो तुरंत बैंक को सूचित करें।



















