गुरुवार की रात जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दुल्हन का जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल दुल्हन के जीजा गौरव को परिजनों ने आनन-फानन में फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जयमाल स्टेज के पास बैठे थे लोग, अचानक चली गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर के पटवनगली स्थित लाला परमानंद की बगीची में मोहल्ला जवाहरगंज निवासी प्रदीप सक्सेना के पुत्र जय सक्सेना के विवाह का आयोजन चल रहा था। जयमाल स्टेज से लगभग 50 मीटर की दूरी पर कुछ लोग बैठे थे, जिनमें एक नेता के साथ आए बाउंसर भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान अचानक चली गोली सीधे गौरव सक्सेना को जा लगी। गोली लगते ही गौरव लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

वारदात के बाद आरोपी नेता और बाउंसर फरार, पुलिस जुटी जांच में
घटना के बाद फायरिंग करने वाला व्यक्ति और उसके साथ आए नेता भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला और कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भट्टी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना के चश्मदीदों से पूछताछ की है।



















