जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित शकुंतला देवी बालिका इंटर कॉलेज में विश्व पृथ्वी दिवस बेहद खास अंदाज में मनाया गया। इस मौके पर विद्यालय में छात्राओं के बीच ‘पर्यावरण प्रदूषण मॉडल’ और ‘पोस्टर मेकिंग’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी कला के जरिए पर्यावरण को बचाने और प्रदूषण को जड़ से मिटाने का संदेश दिया।

पृथ्वी की रक्षा, हमारा फर्ज
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने छात्राओं को पृथ्वी के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि ‘पृथ्वी है तो सृष्टि है’, इसलिए पर्यावरण और जल को बचाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जल का संरक्षण करें, क्योंकि ‘जल है तो कल है’।

पॉलीथीन मुक्त समाज का संकल्प
प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने वृक्षारोपण पर जोर देते हुए कहा कि उगता हुआ वृक्ष एक समृद्ध राष्ट्र की पहचान है। उन्होंने छात्राओं को पॉलीथीन का प्रयोग सदा के लिए बंद करने और हर घर, मंदिर व सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की शपथ दिलाई। इस मौके पर ‘वृक्ष लगाओ, जीवन बचाओ’ जैसे नारों से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक व शिक्षिका रही मौजूद
इस अवसर पर सन्तोष शर्मा, ममता सिंह, कु. शिल्की मिश्रा, लक्ष्मी गंगवार, विकास श्रीवास्तव, अमित कुमार, विजय कुमार, प्रिया द्विवेदी, सुरभि श्रीवास्तव, सुजाता राजपूत, लालाराम राजपूत, शायना खान, शशांक शुक्ला, संदीप यादव, भूमिका सक्सेना, मोनी भारद्वाज, अखिलेश सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

















