जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। छः दिन पहले (28 मार्च) कक्षा 9 में पढ़ने वाली एक किशोरी ने अपने ही परिवार के सदस्यों को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी। जब सभी अचेत हो गए, तो वह घर में रखे कीमती जेवर, 50 हजार की नगदी और जमीन के कागजात लेकर अपने प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने के सपने देखते हुए घर से निकल गई। पिता ने 30 मार्च को बेटी के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी।

शादी की जिद बनी मौत का कारण, प्रेमी ने दोस्त संग मिलकर उतारा मौत के घाट
पुलिस की गिरफ्त में आए नाबालिग प्रेमी ने पूछताछ के दौरान जो खुलासा किया, उसने सबके होश उड़ा दिए। प्रेमी ने बताया कि उसने ही किशोरी की छोटी बहन के जरिए नींद की गोलियां भिजवाई थीं और भागने की पूरी प्लानिंग की थी। किशोरी जेवरों से भरा बक्सा लेकर उसके पास पहुंच गई और शादी करने की जिद पर अड़ गई। वह घर वापस जाने को तैयार नहीं थी। इस बात से घबराकर प्रेमी ने अपने साथी विवेक पाल को बुलाया और दोनों ने मिलकर किशोरी का गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

काली नदी के पास बोरे में मिला सड़ा-गला शव
हत्या करने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से किशोरी के शव को एक बोरे में भरा और मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कुम्हौली के नजदीक काली नदी के पास फेंक कर फरार हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अरुण कुमार ने बताया कि आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर गुरुवार को पुलिस ने काली नदी के पास से किशोरी का सड़ा-गला शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साथी विवेक पाल की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई और इलाके में दहशत
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही फरार आरोपी विवेक पाल को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। एफआईआर में शामिल अन्य नामों की भी जांच की जा रही है और सभी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

फॉरेंसिक टीम ने गांव पहुंचकर की जांच
घटना के बाद गुरुवार की देर शाम फोरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर फोटोग्राफी का वीडियोग्राफी कर साक्ष्य एकत्रित किए।


















