जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर में नवसंवत्सर (हिंदू नववर्ष) के पावन अवसर पर ‘विराट हिंदू यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। इस यात्रा की शुरुआत गंगादरवाजा स्थित ऐतिहासिक शिवाला भवन से हुई। देखते ही देखते पूरा नगर केसरिया झंडों और ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा। हजारों की संख्या में पहुंचे युवाओं और श्रद्धालुओं के जोश ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया। सड़क के दोनों ओर खड़े लोग फूलों की बारिश कर यात्रा का स्वागत कर रहे थे।

वीआईपी मेहमानों ने की आरती: भारत माता और राम दरबार की पूजा
इस भव्य यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य डॉ. मिथलेश अग्रवाल, पूर्व विधायक अमर सिंह खटिक, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे, अरुण दुबे और अमरदीप दीक्षित ने संयुक्त रूप से किया। नेताओं ने विधि-विधान के साथ भारत माता और राम दरबार के स्वरूपों की आरती उतारी। इस दौरान ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

शिवशक्ति अखाड़े के हैरतअंगेज करतब और शानदार झांकियां
यात्रा का मुख्य आकर्षण ‘शिवशक्ति अखाड़ा’ के युवाओं द्वारा दिखाई गई शस्त्र कला रही। तलवारबाजी और हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों के दांतों तले उंगली दबा दी। यात्रा में रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह और छत्रपति शिवाजी महाराज की जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। लगभग 4 किलोमीटर लंबी यह यात्रा नगर के मुख्य चौराहों जैसे लोहाई बाजार, श्यामा गेट, तहसील रोड और पुल गालिब से होते हुए जटवारा स्थित गेस्ट हाउस पहुंची, जहां यह एक विशाल जनसभा में बदल गई।

इन दिग्गजों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
इस आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष देवेंद्र दुबे, संयोजक प्रभात कश्यप और चेयरमैन डॉ. शरद गंगवार, डॉ विकास शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। साथ ही शिव गर्जना बैंड की देशभक्ति धुनों ने लोगों में जोश भर दिया। इस मौके पर आकाश, अरुण दुबे, दीपक राज अरोड़ा, पवन गुप्ता, सागर गुप्ता और नगर प्रचारक चंद्रेश सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


















