फर्रुखाबाद : पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के घर में विस्फोट, पुलिस ने विधायक के बेटों समेत 6 पर दर्ज किया मुकदमा

फर्रुखाबाद शहर व कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाला मच्छरट्टा में पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के आवास पर एक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि न केवल विधायक की आवास हिला, बल्कि आसपास के घरों की खिड़कियां और दरवाजे भी चटक गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे हुए इस धमाके की आवाज दूर-तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सड़कों पर दौड़ पड़े।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

मलबे में दबे लोग, ई-रिक्शा से घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। साहबगंज चौराहे पर चेकिंग कर रहे उपनिरीक्षक इमरान फरीद ने जब एक ई-रिक्शा में दो बुरी तरह झुलसे युवकों को जाते देखा, तब मामले की गंभीरता का पता चला। घायल युवकों की पहचान पूर्व विधायक के पुत्र अभिनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबे में दबे भैयालाल को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस हादसे में ईशू चौरसिया, रामवीर यादव और राशू मिश्रा समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी पुलिस अधीक्षक आरती सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। इधर सूचना पर फॉरेंसिक टीम व बम निरोधक दस्ता ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

बेसमेंट से आ रही थी बारूद की गंध, अवैध विस्फोटक की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। धमाका मकान के बेसमेंट में हुआ था, जिससे वहां का फर्श और छत पूरी तरह उखड़ गए। जांच टीम को मौके से विस्फोटक पदार्थों की तीव्र गंध मिली है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि रिहायशी इलाके में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण या निर्माण किया जा रहा था। तीसरी मंजिल तक की ग्रिल और खिड़कियां इस धमाके की तीव्रता की गवाही दे रही हैं।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पूर्व विधायक के बेटों समेत 6 पर मुकदमा, पुलिस की सख्त कार्रवाई

इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्व विधायक विजय सिंह के दोनों पुत्रों समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह का जोखिम मोल लेना कानूनन अपराध है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

फर्रुखाबाद : पूर्व सपा विधायक के घर जोरदार धमाका, मलबे में तब्दील हुई छत – बेटों समेत 6 लोग गंभीर घायल

Leave a Comment

और पढ़ें