शनिवार रात करीब 8 बजे जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित राजकीय किशोर संप्रेषण गृह में एक 16 वर्षीय किशोर ने बाथरूम में तौलिये के फंदे से लटक कर आत्महत्या करने की कोशिश की। बता दें कि मैनपुरी में चोरी के मामले में दो किशोर को पिछले एक महीने से यहां बंद थे। तीन दिन पहले ही उसके एक साथी को जमानत मिल गई थी, जिसके बाद से वह काफी तनाव में चल रहा था।

इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना के तुरंत बाद संप्रेषण गृह के कर्मचारियों ने किशोर को फंदे से नीचे उतारा और आनन-फानन में लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। संप्रेषण गृह के सहायक शिवशंकर ने बताया कि खाना खाने के बाद किशोर बाथरूम गया था, जहां उसने यह कदम उठाया।

जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई, जिला प्रोबेशन अधिकारी ने ली जानकारी
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से किशोर की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि साथी की रिहाई के बाद किशोर मानसिक दबाव में था। वहीं, किशोर संप्रेषण गृह के अधीक्षक विकास कुमार की लापरवाही की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।


















