फर्रुखाबाद : कायमगंज CHC में ‘बख्शिश’ के लिए नर्स ने जड़ा तीमारदार को थप्पड़, वीडियो वायरल होते ही गिरी गाज!

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक नवजात के जन्म की खुशियां उस वक्त हंगामे में बदल गईं, जब ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने पैसों के लिए विवाद खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि गाऊटोला निवासी जनदेवी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल लाया गया था। सुरक्षित प्रसव के बाद जहां परिवार खुश था, वहीं अस्पताल प्रशासन की अवैध वसूली ने माहौल खराब कर दिया।

₹2100 की डिमांड और ‘थप्पड़ कांड’

आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स शीतल विश्वकर्मा ने प्रसव कराने के बदले परिजनों से 2100 रुपए की मांग की। गरीब परिवार ने जब असमर्थता जताते हुए 700 रुपए देने की कोशिश की, तो नर्स आगबबूला हो गई। नर्स ने न केवल पैसे फेंक दिए, बल्कि प्रसूता के देवर को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

वीडियो डिलीट कराने की कोशिश रही नाकाम

परिजनों ने नर्स की इस बदतमीजी और पैसों के लेन-देन का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया। मामला तब और बिगड़ गया जब एक एम्बुलेंस चालक ने परिजनों का मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट करने की कोशिश की। हालांकि, परिजनों ने चालाकी दिखाते हुए दूसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जांच के आदेश दिए गए।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

CMO की कड़ी कार्रवाई: नर्स का ट्रांसफर, EMT की जाएगी सेवा

मामले का संज्ञान लेते हुए सीएमओ (CMO) डॉ. अवनींद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। आरोपी स्टाफ नर्स शीतल विश्वकर्मा को तत्काल प्रभाव से कायमगंज से हटाकर राजेपुर ब्लॉक के जिठौली स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं, मारपीट में शामिल 102 एम्बुलेंस के ईएमटी विमल कुमार की सेवा समाप्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अभद्रता करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें