रविवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित बाईपास मार्ग पर दिल्ली से फर्रुखाबाद की ओर आ रही फर्रुखाबाद डिपो की बस और सामने से आ रही एटा डिपो की बस के बीच बेरिया तिराहे के पास जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में हड़कंप मच गया।

हादसे में ड्राइवर की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
इस दर्दनाक हादसे में फर्रुखाबाद डिपो के चालक पवन मिश्रा (निवासी हुल्लापुर) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसके अलावा बस में सवार यात्री उमाशंकर और उनके भाई हरिओम (निवासी खैराबाद) को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, क्रेन से हटवाई गई बसें
घटना की सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज सोमवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। सड़क पर लगे लंबे जाम को खुलवाने के लिए पुलिस ने क्रेन की मदद ली और क्षतिग्रस्त बसों को रास्ते से हटवाकर यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू कराया।


















