फर्रुखाबाद : कायमगंज में दरिंदगी, छेड़खानी का विरोध करने पर युवती को पेट्रोल डालकर फूंका – लखनऊ में इलाज के दौरान तोड़ा दम

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात का शिकार हुई युवती ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपियों ने उसे पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। जिसके बाद उसका इलाज लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में चल रहा था। लेकिन घटना के 6 दिन बाद युवती की दर्दनाक मौत हो गई।

घर में घुसकर किया था जानलेवा हमला

परिजनों ने बताया कि जनपद एटा के थाना अलीगंज के गांव झकरई निवासी गोपाल शाक्य अपने साथियों के साथ युवती को आते-जाते समय अक्सर परेशान और अश्लील हरकतें करता था। विरोध करने पर आरोपियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। 24 फरवरी, मंगलवार की दोपहर करीब 1 बजे आरोपी हथियारों के साथ युवती के घर में घुसे और जबरदस्ती की कोशिश की। जब युवती ने शोर मचाया, तो उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई।

गोपाल शाक्य समेत 4 आरोपियों पर FIR

घटना के बाद पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर मुख्य आरोपी गोपाल शाक्य, चंद्रशेखर उर्फ करण, मोहित और अवनीश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्राइम इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचेगा शव

लखनऊ में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवती का शव देर रात तक गांव पहुंचने की संभावना है। युवती की मौत की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसरा गया। ग्रामीण और परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें