शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर के सामने रामगंगा नदी में ग्रामीणों ने अज्ञात युवक के शव तैरता देखा। नदी में शव मिलने की सूचना पर देखते ही देखते ग्रामीण की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। ग्रामीणों के द्वारा नदी में शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
शव मिलने की सूचना पर राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को थी। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर सच एकत्रित किए।
शिनाख्त की कोशिशें नाकाम, हुलिए से पहचान की अपील
नदी से शव निकालने के बाद पुलिस ने युवक की पहचान के लिए उसकी तलाशी ली, लेकिन उसके पास से कोई भी आईडी कार्ड या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने लाल रंग की बनियान, काले रंग का लोअर और पैरों में स्पोर्ट्स जूते पहन रखे थे। पुलिस आसपास के इलाकों और थानों में युवक के हुलिए के आधार पर जानकारी साझा की लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच जारी
थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असल स्थिति साफ हो पाएगी।


















