जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्पिल मार्ग स्थित एक कॉलेज के पास रविवार को ई-रिक्शा की टक्कर से बड़ा विवाद खड़ा हो गया। नगर से सटे गांव प्रेमनगर निवासी राजपाल सक्सेना सब्जी बेचकर ठेले से घर लौट रहे थे, तभी एक ई-रिक्शा चालक ने उनके ठेले में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।

विरोध करने पर भड़के ई-रिक्शा चालक और साथी
हादसे की जानकारी मिलते ही राजपाल के बेटे प्रदीप और ओमाशिव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ई-रिक्शा चालक से विरोध जताया, लेकिन बात शांत होने के बजाय और बिगड़ गई। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने अपने साथियों को बुला लिया और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
दबंगों ने पीठ पर किए चाकू से वार
पीड़ित प्रदीप का आरोप है कि ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों ने दोनों सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों की पीठ पर गंभीर वार किए गए, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हालत गंभीर, लोहिया अस्पताल भेजे गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए कायमगंज सीएचसी भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर जितेंद्र बहादुर ने हालत गंभीर देखते हुए एक्स-रे व बेहतर इलाज के लिए दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।

आरोपियों की तलाश, मामले की जांच जारी
कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


















