कायमगंज के लालबाग गांव में गुरुवार दोपहर इटावा GST SIB (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच) की टीम ने एक तंबाकू गोदाम पर बड़ी कार्रवाई की। अचानक हुई इस रेड से पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। जांच अधिकारियों ने गोदाम की सभी यूनिट्स को एक-एक कर खंगाला।

एक ही जगह से चल रहीं तीन फर्में, टीम को मिली बड़ी गड़बड़ी
जांच के दौरान पता चला कि सालासार इंटरप्राइजेज, श्रीसाई और हुमेरा टोबैको कंपनी नाम की तीन फर्में एक ही परिसर से चलाई जा रही थीं। टीम को फर्मों के कागज़ों और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर मिला, जिससे अनियमितताओं की पुष्टि हुई।

स्टॉक और रिकॉर्ड में नहीं मिला मेल, दस्तावेज जब्त
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद तंबाकू का मिलान फर्मों के रिकॉर्ड से किया। घंटों चली छानबीन के दौरान टीम ने कई कागजातों की बारिकी से जांच की और कई महत्वपूर्ण अभिलेख कब्जे में ले लिए। स्टॉक चेकिंग में करीब 52,000 किलो अतिरिक्त माल पाया गया, जो रजिस्टर में दर्ज नहीं था।

GST अधिकारियों ने मांगा जवाब, आगे होगी बड़ी कार्रवाई
ज्वाइंट कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि फर्म संचालकों से इस अतिरिक्त माल को लेकर संबंधित दस्तावेज (प्रपत्र) मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि दस्तावेज मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तो तीनों फर्मों पर सख्त कार्रवाई हो सकती है।

रेड के बाद कारोबारियों में हड़कंप, जांच जारी
इस बड़े खुलासे के बाद तंबाकू कारोबार से जुड़े व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। क्षेत्र के अन्य गोदामों पर भी जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। GST टीम अभी दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है।


















