कायमगंज संपूर्ण समाधान दिवस में हंगामा: फरियादी ने बनाई वीडियो तो भेजा गया हिरासत में, अफसरों के सामने बरसी शिकायते

कायमगंज तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता एडीएम अरुण कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने की। कुल 76 शिकायतें आईं जिनमें सिर्फ 1 शिकायत का मौके पर निस्तारण हुआ। लेकिन इस दौरान एक बड़ा विवाद उस वक्त खड़ा हो गया जब एक फरियादी ने अधिकारियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

वीडियो बनाना पड़ा महंगा, भेजा गया हिरासत में

शमसाबाद के कैलिहाई गांव के बृजेश नाम के युवक ने शिकायत के दौरान एडीएम का वीडियो रिकॉर्ड किया। यह देखकर SDM अतुल कुमार सिंह नाराज़ हो गए और तत्काल युवक को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इस घटना की वजह से मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई और चर्चा शुरू हो गई कि आखिर वीडियो बनाने पर रोक क्यों?

जमीन कब्जे से लेकर गंदगी तक उठा दर्द

कंपिल के इकलहरा गांव के अजय कुमार ने बताया कि दबंगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर रखा है और प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा। वहीं सिकंदरपुर तिहैया की ग्राम प्रधान महारानी ने बताया कि दो महीने से गांव में सफाई नहीं हुई है और सफाई कर्मी लापता है, जिससे गंदगी फैल रही है।

कॉलोनी में अवैध कब्जा और चोरी की घटनाएं

कायमगंज की काशीराम कॉलोनी की महिलाओं—पूजा, पुष्पा देवी और रीता देवी—ने शिकायत करते हुए कहा कि कॉलोनी में कुछ बाहरी लोग अवैध रूप से रह रहे हैं जो चोरी और गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर मारपीट तक की नौबत आ जाती है।

बिजली पोल दीवार से सटा, आवास के नाम पर रिश्वत

पितौरा गांव के कुंवर सिंह ने बताया कि बिजली का पोल उसकी दीवार से लगा है, जिससे खतरा बना रहता है। वहीं मोहल्ला बगिया रामलाल की सविता ने आरोप लगाया कि लेखपाल के निजी कर्मचारी ने आवास स्वीकृति के लिए 10 हजार रुपए ले लिए, लेकिन अब तक आवास स्वीकृत नहीं किया।

गंदे पानी की निकासी रोकी

मुडौल गांव के ग्रामीणों ने बताया कि दबंगों ने नाली बंद कर दी है, जिससे घरों के बाहर पानी भरा रहता है। उन्होंने निकासी खुलवाने की मांग की।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारी रहे मौजूद

संपूर्ण समाधान दिवस में SDM अतुल कुमार सिंह, CO राजेश द्विवेदी, तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर, नायब तहसीलदार अनवर हुसैन, बीडीओ राजेंद्र सिंह सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें