जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव श्रृंगीरामपुर में एक मंदिर की नींव खुदाई के दौरान सोने से भरा गिलास मिलने से हड़कंप मच गया। जैसे ही सोने की चमक दिखी, मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने मौके पर लूट लिया सोना
आपको बता दें कि जब नींव खोदते वक्त गिलास मिला तो ग्रामीणों ने उसे खोलकर देखा। अंदर चमकता हुआ सोना देखकर कुछ लोगों ने जल्दबाजी में सोना लूट लिया। बताया जा रहा है कि जमीन का मालिक मंदबुद्धि है, जिसका ग्रामीणों ने फायदा उठा लिया।

खबर फैलते ही जुटी भीड़, पुलिस भी पहुंची मौके पर
कुछ ही देर में पूरे गांव में “सोना मिला है” की खबर फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। शुरुआत में इस घटना को पुलिस से छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष राजीव कुमार और सीओ अमृतपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

कुछ ग्रामीणों ने पुलिस के डर से लौटाया सोना
पुलिस की मौजूदगी में कुछ ग्रामीणों ने लूटा हुआ सोना वापस कर दिया। बाकी सोना बरामद करने के लिए पुलिस ने गांव में जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


















