Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में भारतीय किसान यूनियन (भानू) और किसान क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह का आगमन हुआ। जनपद में किसानों की बढ़ती समस्याओं को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष जगपाल सिंह राठौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बेवर से लेकर कार्यक्रम स्थल तक जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया। सभा का सफल संचालन मुख्य राष्ट्रीय महासचिव मनुआ सिंह चौहान ने किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सचिव केशव शाक्य द्वारा भेंट किया गया चांदी का मुकुट पहनाकर और शाल व फूल-मालाओं से राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक पदाधिकारियों का नागरिक अभिनंदन किया गया।
जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, बाढ़ समस्या पर जताई चिंता
यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को ज्ञापन सौंपा गया। जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा पार क्षेत्र में बाढ़ की समस्या से किसान पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद भी बांध निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे क्षेत्र का किसान अत्यंत दयनीय स्थिति में जीवन यापन करने को मजबूर है।
समस्याएं हल न होने पर 2027 चुनाव लड़ने का ऐलान
अपने संबोधन में किसान नेता ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते फर्रुखाबाद के किसानों और गरीब जनता की जायज मांगों का समाधान नहीं किया, तो किसान क्रांति दल के बैनर तले 2027 के आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इस दौरान प्रदीप सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह परिहार, डॉ. शाकिर अली मंसूरी, अवधेश सिंह राठौड़, ठाकुर दीपक सिंह (राष्ट्रीय प्रवक्ता) समेत सैकड़ों किसान और पदाधिकारी उपस्थित रहे।


























