फर्रुखाबाद : डीएम का औचक निरीक्षण, पीएचसी में अनुपस्थित फार्मासिस्ट पर कार्रवाई के निर्देश

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। अमृतपुर तहसील में जनसुनवाई पूरी करने के तुरंत बाद अधिकारियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर और पीएचसी पिथनापुर का अचानक औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीएचसी अमृतपुर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव वर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों को बताया गया कि इस केंद्र पर रोजाना औसतन 200 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं और निरीक्षण के समय तक 130 से अधिक मरीजों का परीक्षण किया जा चुका था। डीएम ने ओपीडी की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर परामर्श, जांच और दवाइयां मिलना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

अमृतपुर
अमृतपुर

अनुपस्थित कर्मचारी पर गाज और प्रसव सेवाओं की बहाली

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र से फार्मासिस्ट के अनुपस्थित मिलने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया और संबंधित के खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही केंद्र में ठप पड़ी प्रसव सेवाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को अवगत कराया गया कि एक एएनएम के मातृत्व अवकाश और दूसरी के प्रशिक्षण पर होने के कारण पिछले दो दिनों से डिलीवरी सेवाएं प्रभावित थीं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने पीएचसी अमृतपुर में तुरंत एक स्टाफ नर्स तैनात करने के आदेश जारी किए, ताकि गर्भवती महिलाओं को भटकना न पड़े। इसके अलावा केंद्र में स्थापित सीबीसी जांच मशीन को हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए गए।

अमृतपुर
अमृतपुर

पिथनापुर पीएचसी का जायजा और बाढ़ के बाद संक्रामक रोगों पर सतर्कता

इसके पश्चात अधिकारियों की टीम ने पीएचसी पिथनापुर का रुख किया, जहां मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति काफी बेहतर पाई गई। एएनएम अंजुम निशा द्वारा प्रतिमाह 30 से अधिक सफल प्रसव कराए जाने और प्रसूताओं के हीमोग्लोबिन का स्तर संतोषजनक मिलने पर अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना की। इसके साथ ही, जिले में बाढ़ का पानी उतरने के बाद पैदा होने वाले संभावित स्वास्थ्य खतरों को देखते हुए डीएम ने विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने सीएचसी राजेपुर के प्रभारी को जलजनित बीमारियों और संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने, स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने और लक्षण दिखते ही तत्काल इलाज मुहैया कराने के कड़े निर्देश दिए।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें