जनपद शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के गांव साहिबगंज निवासी दिनेश की 16 वर्षीय पुत्री स्वाति की अचानक में हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वाति घर में बिस्तर पर लेटी हुई थी, तभी अचानक छोटे बच्चों ने उसे अचेत अवस्था में देखा। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए रात करीब 10:30 बजे फर्रूखाबाद स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने चिकित्सकीय परीक्षण के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन द्वारा पूछताछ करने पर साथ आए कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि किशोरी की कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी और गांव में ही उसका इलाज कराया जा रहा था। परिजनों ने बीमारी के कारण ही स्वास्थ्य बिगड़ने की आशंका व्यक्त की है।
मामला संदिग्ध, पुलिस को दी गई सूचना
घटना की गंभीरता और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकों ने मामले को संदिग्ध माना है। अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पुलिस को सूचित किया और अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया हेतु स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया है। आपको बता दें कि कक्षा 9 में पढ़ने वाली स्वाति अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।


















