फर्रूखाबाद : मां की डांट से नाराज होकर घर से निकले 5वीं के छात्र का गंगा नदी में मिला शव

फर्रूखाबाद । मऊदरवाजा थाना क्षेत्र स्थित ठठा की मढ़ैया निवासी रामऔतार का 13 वर्षीय पुत्र मोहित, जो कि कक्षा पांच का छात्र था, गुरुवार सुबह अचानक लापता हो गया। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह मोहित स्कूल जाने में आनाकानी कर रहा था, जिस पर उसकी मां विमला देवी ने उसे डांट दिया था। मां की डांट से क्षुब्ध होकर मोहित बिना बताए घर से निकल गया। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन काफी देर तक वापस न आने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई।

गंगा किनारे मिले कपड़े और चप्पल, बढ़ी आशंका

जब मोहित का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की। इसी दौरान ठठा की मढ़ैया की ओर जाने वाले डामर मार्ग के अंतिम छोर पर मोहित के कपड़े और कुछ दूरी पर उसकी चप्पलें पड़ी मिलीं। बताया जा रहा है कि इस स्थान पर गंगा नदी की तेज धारा का कटान है। कपड़े और चप्पल मिलने के बाद परिजनों ने छात्र के गंगा नदी में डूबने की आशंका व्यक्त की और तुरंत स्थानीय प्रशासन व पुलिस को सूचित किया।

पुलिस और गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान

सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस, मऊदरवाजा थाना पुलिस, क्षेत्रीय लेखपाल और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से गंगा किनारे सघन तलाशी अभियान शुरू किया। वहीं, छात्र के पिता रामऔतार ने थाने में मामले के संबंध में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। लगातार प्रयास के बाद शुक्रवार देर शाम करीब 5:30 बजे घटनास्थल से लगभग 4 किलोमीटर दूर गंगा किनारे छात्र का शव बरामद कर लिया गया।

गांव में छाया मातम, पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी

मोहित पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसका शव बरामद होते ही परिवार में कोहराम मच गया और माता विमला देवी सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी व अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें