फर्रुखाबाद : पुलिस ने ढोल बजाकर गैंगस्टर बड़े लला को जिले से खदेड़ा, 3 महीने के लिए नो-एंट्री

जनपद फर्रुखाबाद की पुलिस ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एक कड़ा कदम उठाया है। बता दें कि शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव चिलसरा निवासी गैंगस्टर के आरोपी बड़े लला पर जिलाधिकारी के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आदेश मिलते ही एक्शन लेते हुए आरोपी को बाकायदा ढोल बजवाते हुए जनपद की सीमा से बाहर खदेड़ दिया। थाना प्रभारी सचिन चौधरी और चिलसरा चौकी प्रभारी अनुज कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने उसे शाहजहांपुर जिले की सीमा की ओर छोड़ दिया।

3 महीने तक जिले में घुसने पर सख्त मनाही

पुलिस प्रशासन ने आरोपी बड़े लला को कड़े लहजे में चेतावनी दी है कि वह अगले तीन महीनों तक फर्रुखाबाद जिले की सीमा में कदम नहीं रखेगा। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कर दिया है कि जिला बदर की अवधि के दौरान यदि आरोपी फर्रुखाबाद में दिखाई दिया या सीमा के अंदर घूमने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस मुनादी वाली कार्रवाई से इलाके के बदमाशों में खलबली मच गई है।

रंगदारी से लेकर पाक्सो तक… दर्ज हैं 6 गंभीर मुकदमे

आपको बता दें कि बड़े लला का आपराधिक इतिहास काफी पुराना और संगीन है। थाना प्रभारी सचिन चौधरी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, छेड़छाड़, पाक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, 25 आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे कई गंभीर धाराओं में कुल छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आम जनता में सुरक्षा का संदेश देने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ढोल बजवाकर सार्वजनिक रूप से यह कार्रवाई की।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद 2
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें