जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र गांव भरहेपुर निवासी 46 वर्षीय राम तीर्थ 21 जून को अपने भतीजे आशीष की शादी में शामिल होने के लिए अन्य परिजनों के साथ जनपद हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के गांव के कुमरायपुर गए थे। तभी गांव के बाहर सड़क किनारे खड़े राम तीर्थ को अचानक एक तेज रफ्तार दूध से भरी पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई। परिजन गंभीर रूप से घायल राम तीर्थ को आनन-फानन में इलाज के लिए कानपुर ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजन शव को लेकर फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीछे छूट गया रोता-बिलखता परिवार
राम तीर्थ पेशे से किसान थे और खेती-बाड़ी करके अपने पूरे परिवार का पेट पालते थे। उनकी अचानक मौत से उनके पांच बेटों रामू, राम मोहन, रामकृष्ण, अरविंद, हिमांशु और पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।



















