फर्रुखाबाद : लखनऊ हादसे के बाद एक्शन में प्रशासन, वी-मार्ट और विशाल मेगा मार्ट समेत कई कोचिंग संस्थान सील

लखनऊ में हुए हालिया हादसे के बाद अब फर्रुखाबाद का जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। शहर में सुरक्षा नियमों और मानकों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, सीओ सिटी अभय वर्मा और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद शहर के कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस औचक कार्रवाई से पूरे इलाके के दुकानदारों और संस्थान संचालकों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामचीन मॉल, दो कोचिंग सेंटर और एक कंप्यूटर सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

मॉल से ग्राहकों को बाहर निकालकर लगाया ताला

प्रशासनिक टीम जब फर्रुखाबाद शहर में स्थित ‘विशाल मेगा मार्ट’ पहुंची, तो वहां भारी संख्या में लोग खरीदारी कर रहे थे। सुरक्षा में बड़ी कमियां दिखने पर अधिकारियों ने तुरंत लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराई और मॉल के अंदर मौजूद सभी ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकाला। मॉल खाली होते ही उसे तुरंत सील कर दिया गया। इसके बाद टीम ठंडी सड़क स्थित ‘वी-मार्ट’ पहुंची और वहां भी ग्राहकों को बाहर निकालकर प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। मॉल के कर्मचारियों ने दलील दी कि कमियों को ठीक करने के लिए मिस्त्री बुलाए गए हैं, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक न सुनी और सख्त रुख अपनाते हुए तुरंत कार्रवाई पूरी की।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

तंग रास्ते और बिना फायर सेफ्टी के चल रहे थे कोचिंग सेंटर

इससे पहले बुधवार शाम करीब 5 बजे टीम ने फतेहगढ़ स्थित ‘ए-पॉइंट (ए-प्लस) कोचिंग सेंटर’ पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि कोचिंग तक जाने वाला रास्ता महज तीन फीट चौड़ा था, जो किसी भी आपात स्थिति के लिहाज से बेहद खतरनाक है। इसके साथ ही वहां आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं थे। इसके बाद टीम ‘आर कंप्यूटर सेंटर’ और बढ़पुर स्थित ‘आचार्य इंस्टीट्यूट’ पहुंची। आचार्य इंस्टीट्यूट में निरीक्षण के दौरान कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी या संचालक मौजूद नहीं मिला, जिसके बाद नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय के जेई अंकित की मौजूदगी में संस्थान पर ताला जड़कर उसे सील कर दिया गया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

रात 9 बजे तक चला प्रशासन का हंटर

नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय के जेई अंकित ने बताया कि सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां पाए जाने के कारण दो मॉल, दो कोचिंग सेंटर और एक कंप्यूटर सेंटर को सील किया गया है। किसी जगह पर एंट्री और एग्जिट का रास्ता बेहद संकरा था, तो कहीं फायर अलार्म और आग बुझाने वाले उपकरण पूरी तरह खराब पड़े थे। प्रशासन का यह अभियान देर रात करीब 9 बजे तक जारी रहा। इस कार्रवाई को लेकर पूरे शहर में दिनभर चर्चा रही। आम जनता ने प्रशासन के इस कदम की जमकर तारीफ की है और कहा है कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे संस्थानों पर हमेशा के लिए ताला लग जाना चाहिए।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें