जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला माँझ गांव (पूर्व) निवासी सतीश माथुर के घर में देर रात किसी पहर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने पार कर दिए। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के वक्त पूरा परिवार घर में ही सो रहा था और किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई।

छत के रास्ते आए ‘खतरनाक खिलाड़ी’
पीड़ित सतीश माथुर ने बताया कि बुधवार की रात वह एक शादी समारोह से करीब दो बजे घर लौटे थे। उनका बेटा और बहू छत पर ठंडी हवा में सो रहे थे, जबकि पत्नी आंगन में थीं। सतीश खुद मुख्य दरवाजे पर सोए हुए थे। इसी बीच, शातिर चोर छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हो गए। हालांकि कमरों के दरवाजे बंद थे, लेकिन उन पर ताला नहीं लटका था, जिसका फायदा चोरों ने बखूबी उठाया।

बक्सा साफ, लाखों के गहने गायब
चोरों ने सीधे उस बक्से को अपना निशाना बनाया, जिसमें शादी के लिए खास तौर पर सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। सतीश माथुर के मुताबिक, बक्से से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, सोने का ॐ पेंडल, मांग टीका, कुंडल और चांदी की भारी पायल समेत कई कीमती आभूषण चोरी हो गए हैं। गायब हुए इन गहनों की अनुमानित कीमत करीब तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है।

सुबह खुली आंख तो उड़ गए होश
सतीश माथुर की बहू संगीता ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे जब वह छत से नीचे आई, तो नजारा देखकर दंग रह गई। घर का मेन गेट खुला हुआ था और कीमती सामान वाला बक्सा भी खाली पड़ा था। इसके बाद पूरे घर में कोहराम मच गया। घटना की खबर मिलते ही थाना प्रभारी नितिन चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। इस चोरी से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा और डर का माहौल है।



















